➤ अहमदाबाद में सांसद दिनेशभाई मकवाणा ने दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी डाक सेवाओं की जानकारी
अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग की सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करने और नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से ‘डाक चौपाल मोबाइल थिएटर वैन अभियान’ का शुभारंभ 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नवरंगपुरा हेड पोस्ट ऑफिस में किया गया। ‘सरकारी सेवाएं आपके द्वार’ पहल के तहत शुरू किए गए इस अभियान को अहमदाबाद पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेशभाई मकवाणा ने गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर और उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के लाभार्थियों को पासबुक एवं पॉलिसी बॉन्ड भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में निदेशक डाक सेवाएं अनुब्रता दास और अहमदाबाद सिटी मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर शिशिर कुमार भी मौजूद रहे।
सांसद दिनेशभाई मकवाणा ने कहा कि मोबाइल थिएटर वैन अभियान डाक विभाग की सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रभावी साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक लोग उनका लाभ उठा सकें। समय के साथ डाक विभाग की भूमिका में व्यापक बदलाव आया है। अब विभाग पत्रों और पार्सलों के वितरण के साथ-साथ वित्तीय सेवाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि डाक विभाग सेवाओं के विस्तार, आधुनिकीकरण और नागरिक-केंद्रित पहलों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ‘डाक सेवा, जन सेवा’ के संकल्प के साथ विभाग पारंपरिक डाक सेवाओं के अलावा वित्तीय सशक्तीकरण और नागरिकों की जरूरतों से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मोबाइल थिएटर वैन गुजरात परिमंडल के प्रत्येक जिले में निर्धारित स्थानों पर पहुंचेगी। प्रत्येक पड़ाव पर डाक चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि वित्तीय समावेशन, डिजिटल इंडिया और अंत्योदय के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में डाक विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गांवों से लेकर शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों तक भारतीय डाक ने लोगों के साथ विश्वास एवं सेवा का मजबूत रिश्ता बनाया है। डाक चौपाल का उद्देश्य विभाग को जनता के और करीब लाना तथा अधिक से अधिक नागरिकों को इसकी सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ‘डाकिया डाक लाया’ से ‘डाकिया बैंक लाया’ तक का सफर डाक विभाग की बदलती भूमिका, तकनीकी प्रगति और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगरदीवे, सहायक निदेशक रितुल गांधी, वारिस वहोरा, सिराज मन्सूरी, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के एजीएम संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, सहायक अधीक्षक अरविन्द रमन, रमेश पटेल, रोनक शाह, निरीक्षक पायल पटेल, नवरंगपुरा के वरिष्ठ पोस्टमास्टर एमएल मकवाना, नगर पार्षद आशाबेन ब्रह्मभट्ट, एकताबेन रावल, हेमंत काबरा और रितेश दुधिया सहित डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jansaamna