➤ 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 35.41 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की तैयारियों, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान, जल संचय-जन भागीदारी : कैच द रेन-2026 और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन-उत्तर प्रदेश की प्रगति की समीक्षा की गई। PET-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी अपने पर्यवेक्षण में परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ सुनिश्चित की जाएं। तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि नोडल अधिकारियों से लेकर कक्ष निरीक्षकों तक सभी संबंधित कर्मचारियों का विधिवत प्रशिक्षण और ब्रीफिंग कराई जाए। मंडलायुक्त परीक्षा से पहले तैयारियों की समीक्षा कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराएं। परीक्षा केंद्रों और कोषागारों में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के साथ ही उनके माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
अभ्यर्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, प्रमुख मार्गों, होटलों और रैन बसेरों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था की जाए। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यकता के अनुसार हेल्प डेस्क स्थापित की जाएं। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए जरूरत के अनुसार होल्डिंग एरिया भी विकसित किए जाएं। इसके साथ ही अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट या एआई चश्मे अथवा अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश न कर सके।
60 जिलों में बनाए गए 1,372 परीक्षा केंद्र
बैठक में बताया गया कि PET-2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को प्रदेश के 60 जिलों में निर्धारित कुल 1,372 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा के लिए कुल 35,41,297 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को सुचारु, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
Jansaamna