Friday, October 16, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना दूसरे दिन भी जारी, न्यायिक कार्य ठप

भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना दूसरे दिन भी जारी, न्यायिक कार्य ठप

➤ समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

हाथरस। तहसील सिकंदराराऊ के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के न्यायालयों एवं कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। दी बार एसोसिएशन के बैनर तले आंदोलन कर रहे अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का पूर्ण समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। तहसील परिसर स्थित न्यायालयों और कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार के चलते न्यायिक कार्य प्रभावित रहे, जिससे वादकारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार के कारण आम जनता के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकारी और न्यायिक कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरना सभा की अध्यक्षता दी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके चौहान ‘शोला’ ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता रनवीर सिंह चौहान ने किया। धरने में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।