➤ सासनी के पास ट्रक से ट्रैक्टर में लोड किया जा रहा था चावल, एसडीएम और पूर्ति निरीक्षक ने की कार्रवाई
हाथरस। जनपद में सरकारी चावल की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। सासनी क्षेत्र में एसडीएम और पूर्ति निरीक्षक की टीम ने ट्रैक्टर में लदे सरकारी चावल के 200 बोरे पकड़े। अधिकारियों ने पकड़े गए चावल को सठिया के राशन डीलर की सुपुर्दगी में दे दिया। मामले में पुलिस और प्रशासन की टीम चावल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम एसडीएम शिव प्रकाश यादव को सूचना मिली कि सरकारी चावल को ट्रैक्टर में लोड कर कालाबाजारी के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम पूर्ति निरीक्षक और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर में लदे सरकारी चावल के 200 बोरे बरामद किए। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चावल के सभी बोरों को सठिया के राशन डीलर को बुलाकर उसकी सुपुर्दगी में दे दिया। सूचना मिलने पर एडीएम प्रशासन प्रशांत तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन अब राशन डीलरों के अभिलेखों की जांच कर यह पता लगाने में जुटा है कि चावल किस राशन डीलर का था और उसे कहां से लाया गया था। वहीं, पुलिस ट्रैक्टर मालिक की तलाश कर रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मामले में सरकारी चावल की कालाबाजारी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने बताया कि सरकारी चावल के 200 बोरे पकड़े गए हैं। चावल को एक राशन डीलर की सुपुर्दगी में दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रकरण में जो भी लोग संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Jansaamna