फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति, लेबर कॉलोनी की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ जिला न्यायाधीश महेंद्र सिंह पवार ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों की आरती उतारकर किया। रामलीला के मंचन में भगवान श्रीराम की शबरी से भेंट का भावपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किया गया। मंचन के दौरान माता सीता की खोज करते हुए भगवान श्रीराम और लक्ष्मण मतंग ऋषि के आश्रम पहुंचते हैं, जहां उनकी भेंट माता शबरी से होती है। भगवान श्रीराम को अपने आश्रम में देखकर शबरी भावविभोर हो जाती हैं और प्रेमपूर्वक उन्हें फल अर्पित करती हैं। प्रसंग में शबरी द्वारा भगवान श्रीराम को प्रेम से चखकर मीठे बेर खिलाने का दृश्य भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम माता शबरी को नवधा भक्ति का उपदेश देते हैं। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर श्रीनिवास शर्मा, राकेश शंखवार, लक्ष्मीकांत शुक्ला, पंकज भारद्वाज, महंत रमेश आनंद गिरि, मनोरमा वशिष्ठ, मोहित शर्मा, रोहित शर्मा, आकाश यादव, रजत पाराशर, सोहित शर्मा, मोहित सिंह, कौशल शर्मा, विष्णु शर्मा, संपत सुथार, प्रशांत शर्मा और सौरव गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Jansaamna