फिरोजाबाद। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ शिकोहाबाद तहसील परिसर में बनाए गए मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिकोहाबाद तहसील क्षेत्र में कुल सात मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें चार बूथ तहसील परिसर, दो ब्लॉक शिकोहाबाद और एक नगर पालिका परिसर में स्थित है। अधिकारियों ने मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को मतदान के दौरान सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।
Jansaamna