फिरोजाबाद। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सैंपलिंग के नाम पर छोटे और मध्यम व्यापारियों के कथित उत्पीड़न के विरोध में व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एसडीएम मुख्यालय शालिनी देवी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली के नाम संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग के दौरान निर्माता को भी पक्षकार बनाया जाता है, लेकिन उसे फॉर्म-5क की प्रति समय से उपलब्ध नहीं कराई जाती। उन्होंने मांग की कि सैंपलिंग के दौरान निर्माता को पक्षकार बनाए जाने पर संबंधित फॉर्म पंजीकृत डाक से तत्काल भेजा जाए। साथ ही, खुदरा या थोक व्यापारी द्वारा खरीद का बिल प्रस्तुत करने पर ही निर्माता को सैंपलिंग की कार्रवाई में पक्षकार बनाया जाए, ताकि व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट मिलने में अक्सर एक महीने या उससे अधिक समय लग जाता है, जबकि निर्धारित प्रावधानों के अनुसार रिपोर्ट 14 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने सभी सरकारी खाद्य विश्लेषण प्रयोगशालाओं में निर्धारित समय-सीमा के भीतर जांच रिपोर्ट जारी करने की मांग की। इसके अलावा, केंद्रीय प्रयोगशाला में दोबारा जांच के लिए नमूने भेजने संबंधी पत्राचार में होने वाली देरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देरी के कारण कई बार खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट समाप्त हो जाती है, जिससे जांच का उद्देश्य प्रभावित होता है। व्यापारियों ने मांग की कि वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप खाद्य पदार्थों के मानकों की समीक्षा की जाए। साथ ही, कृषि विभाग के सहयोग से कीटनाशकों और रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से संबंधित मानकों की भी समीक्षा कराई जाए। उन्होंने कहा कि जब तक स्पष्ट और व्यावहारिक व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक सैंपलिंग के नाम पर व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। धरना-प्रदर्शन में मेघ सिंह पहलवान, हरिशंकर अग्रवाल, सुशील जाट, रजनीश शर्मा, सुबोध बघेल, रमाशंकर दादा, स्वतंत्र गुप्ता, मूलचंद राठौर, रामगोपाल बजाज, दिलीप दीक्षित, संजय शर्मा, रवि यादव, श्यामवीर सिंह यादव, अजय प्रजापति, अनिल शर्मा, नवीन शर्मा, पवन सिंह यादव, संतोष राठौर, मोहित राठौर, विपिन गुप्ता, विनय गुप्ता और राजकुमार सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
Jansaamna