Saturday, October 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » त्योहारों से पहले दुरुस्त होंगी शहर की स्ट्रीट लाइटें, बढ़ेंगी टीमें

त्योहारों से पहले दुरुस्त होंगी शहर की स्ट्रीट लाइटें, बढ़ेंगी टीमें

➤ नगर आयुक्त ने एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का दिया अल्टीमेटम

फिरोजाबाद। शहर में खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नवरात्र और आगामी दीपावली के त्योहारों को देखते हुए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने पूरे शहर में विशेष अभियान चलाकर खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रकाश व्यवस्था के रखरखाव में लगी टीमों की संख्या 11 से बढ़ाकर 14 करने का निर्णय लिया गया है। सभी 14 टीमें 16 अक्टूबर से काम शुरू करेंगी। नगर आयुक्त ने एक सप्ताह के भीतर प्रकाश व्यवस्था में सुधार लाने का अल्टीमेटम दिया है। सहायक अभियंता एवं प्रभारी मार्ग प्रकाश प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से आईजीआरएस सहित अन्य माध्यमों से स्ट्रीट लाइटें खराब होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। अनुबंधित फर्म की ओर से शिकायतों का निस्तारण किए जाने के बावजूद इनकी संख्या में कमी नहीं आ रही है।

अनुबंधित फर्म के प्रोजेक्ट मैनेजर गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि नगर क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था के संचालन और रखरखाव के लिए वर्तमान में 11 टीमें काम कर रही हैं। प्रत्येक टीम में एक मिस्त्री और एक हेल्पर शामिल हैं। इसके बावजूद लगातार शिकायतें मिलने पर नगर आयुक्त ने टीमों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उनकी संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने अवर अभियंता योगेंद्र कुमार को 15 अक्टूबर तक वार्डवार खराब स्ट्रीट लाइटों का ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके आधार पर प्रतिदिन ठीक की जाने वाली लाइटों और कार्य की प्रगति की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सहायक अभियंता और अवर अभियंता प्रतिदिन कम से कम पांच वार्डों का भ्रमण कर कार्यों का स्थलीय सत्यापन करेंगे। जिन वार्डों में स्ट्रीट लाइट खराब होने की सबसे अधिक शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखकर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही, प्रतिदिन ठीक की गई स्ट्रीट लाइटों की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहारों से पहले शहर की प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो जानी चाहिए। कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और अनुबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।