Sunday, October 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महिला किसान दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

महिला किसान दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

फिरोजाबाद। संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किए जाने के अवसर पर कृषि विभाग की ओर से विकास भवन सभागार में महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाएं खेती-किसानी के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घरौनी के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति का स्वामित्व प्रदान किया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी महिला मुखिया को प्राथमिकता दी जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और कृषि सखियों के माध्यम से महिलाएं कृषि तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण और प्राकृतिक खेती जैसे क्षेत्रों में नवाचारों को बढ़ावा दे रही हैं। महिला किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान और अनुदानित बीज जैसी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। बीज बोने से लेकर फसल की कटाई तक महिलाएं कृषि कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाती हैं। उप कृषि निदेशक एसपी सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बीज वितरण, फसल प्रदर्शन और कृषि संस्थानों के भ्रमण में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कृषि सखियां मिट्टी के नमूने एकत्र कर रही हैं। किसानों को जीवामृत, घनजीवामृत और बीजामृत जैसे प्राकृतिक कृषि उत्पाद तैयार करने का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इससे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और खेती की लागत घटाने में मदद मिल सकती है।

इन महिला किसानों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विपिन कुमारी, पुष्पा देवी, रिंकी राजपूत, रूपाली देवी, राधा, मीना देवी, विमला देवी, लक्ष्मी देवी, शारदा देवी, राजबेटी, ललिता, रामबेटी, रमा, ममता, सिंहरानी, दयावती और पिंकी को सम्मानित किया गया। वहीं, ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान के लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीवन देवी, पिंकी देवी, सुनीता देवी, सरिता और मीना को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा, कृषक उत्पादक संगठन के माध्यम से दलहन एवं मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने में योगदान के लिए मछला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।