Saturday, October 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मिशन शक्ति के तहत नीति दुबे बनीं एक दिन की जिलाधिकारी

मिशन शक्ति के तहत नीति दुबे बनीं एक दिन की जिलाधिकारी

फिरोजाबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं के सशक्तीकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, दबरई की कक्षा आठ की मेधावी छात्रा नीति दुबे को एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया। एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में नीति दुबे ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें शिक्षा और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। एक दिन की जिलाधिकारी बनने पर नीति दुबे ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे अविस्मरणीय दिन है। इस अनुभव ने उनके सपनों को नई दिशा दी है और भविष्य में आगे बढ़ने के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत इस प्रकार के आयोजनों से बालिकाओं में नेतृत्व कौशल विकसित होता है। साथ ही, उन्हें भविष्य में प्रशासनिक एवं अन्य उच्च सेवाओं में जाने की प्रेरणा मिलती है। यह पहल बालिकाओं के सपनों को नई उड़ान देने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।