Saturday, October 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सामूहिक विवाह समारोह में 196 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

सामूहिक विवाह समारोह में 196 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

➤ 129 हिंदू जोड़ों ने लिए सात फेरे, 67 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह

फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को तिलक इंटर कॉलेज परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नगर निगम फिरोजाबाद सहित विकासखंड टूंडला, फिरोजाबाद और नारखी के कुल 196 पात्र जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें 129 हिंदू और 67 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। समारोह का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तिलक इंटर कॉलेज परिसर में 129 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। वहीं, 67 मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में नगर निगम फिरोजाबाद के 90, विकासखंड टूंडला के 39, विकासखंड फिरोजाबाद के 30 और विकासखंड नारखी के 37 जोड़े शामिल हुए। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा और महापौर कामिनी राठौर ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखमय, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उप जिलाधिकारी सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार परिहार, उपायुक्त श्रम रोजगार तूलिका सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश कुमार और समाजसेवी भगवानदास शंखवार सहित संबंधित विकासखंडों एवं नगरीय निकायों के अधिकारी तथा समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।