Saturday, October 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना तीसरे दिन भी जारी

भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना तीसरे दिन भी जारी

हाथरस। सिकंदराराऊ तहसील के न्यायालयों और कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में दी बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन और न्यायालयों का बहिष्कार तीसरे दिन भी जारी रहा। एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों में कामकाज प्रभावित होने से वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। धरने के दौरान आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने कंप्यूटर फीडिंग समय पर कराने, परवाने समय से पहुंचाने और तहसील कार्यालयों में कार्यरत निजी कर्मचारियों को हटाने की मांग उठाई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके चौहान ‘शोला’ ने कहा कि कंप्यूटर फीडिंग में देरी और परवाने समय पर नहीं पहुंचने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासनादेश के अनुरूप तहसील कार्यालयों में कार्यरत निजी कर्मचारियों को हटाने की मांग की। बार एसोसिएशन के सचिव राजेश बघेल ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरने की अध्यक्षता डीके चौहान ‘शोला’ ने की, जबकि संचालन ओमप्रकाश गौतम ने किया। इस दौरान केएम कुलश्रेष्ठ, अवनेश कुमार शर्मा, वीरेश पुंडीर, देवेंद्र दीक्षित, ब्रजेश यादव, विपिन कुमार और जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।