Saturday, October 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दिन में छाया अंधेरा, तेज आंधी-बारिश से बदला मौसम

दिन में छाया अंधेरा, तेज आंधी-बारिश से बदला मौसम

हाथरस। गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। आसमान में छाए काले बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज धूलभरी आंधी चली और फिर बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम से जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी और बारिश के चलते सड़कों पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कम दृश्यता के कारण चालकों को दिन में ही वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। तेज आंधी के चलते बिजली विभाग ने एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं जनजीवन भी प्रभावित हुआ। बाजारों में खरीदारी करने आए लोग और राहगीर बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेडों के नीचे खड़े नजर आए। अचानक मौसम बदलने से लोगों को अपने दैनिक कार्यों में भी परेशानी हुई। उधर, मौसम के इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आगामी फसलों की बुवाई में देरी हो सकती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर हो रही बारिश और चल रही ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक महसूस की गई।