हाथरस। अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित जोगिया के बांके बिहारी एन्क्लेव में नवनिर्मित सिद्धपीठ मां कात्यायनी नवदुर्गा मंदिर में चल रहे दस दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर को प्रतिमाओं की वैदिक विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दौरान सुबह आठ बजे से अन्नाधिवास, घृताधिवास और जलाधिवास सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह पूजा-अर्चना कर मां कात्यायनी की आरती करेंगे। कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद भी उपस्थित रहेंगे। महोत्सव के तहत संत-महात्माओं के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। बैंडबाजों और आकर्षक झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा सुबह 7:30 बजे मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार, 20 अक्टूबर को मंदिर में महाआरती, फूलबंगला और छप्पन भोग के दर्शन होंगे। इसके साथ ही भंडारे और महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर साध्वी ऋतम्भरा, जगद्गुरु सुतीक्ष्ण दास देवाचार्य और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र के आगमन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। समिति ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। प्रेस वार्ता में मंदिर के चरण सेवक देवेंद्र सिंह तोमर, महामंडलेश्वर रुद्रदेवानंद जी महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह नगर कार्यवाह टिंकू राना और प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मीडिया प्रभारी आशीष सेंगर उपस्थित रहे।
Jansaamna