➤ पार्षदों ने की नियमानुसार बैठक बुलाने की मांग, कार्यकारिणी गठन सहित कई मुद्दों पर निर्णय का इंतजार
मथुरा। नगर निगम की बोर्ड बैठक नहीं बुलाए जाने का मुद्दा गरमाने लगा है। बैठक कराने की मांग को लेकर अब पार्षद भी मुखर हो रहे हैं। इससे पहले सफाईकर्मी भी बोर्ड बैठक बुलाने को लेकर अल्टीमेटम दे चुके हैं। ऐसे में नगर निगम की कार्यप्रणाली और सदन की बैठक को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पार्षद राजीव कुमार सिंह ने मांग की है कि नगर निगम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए नगरहित और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सदन में चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाने चाहिए। उन्होंने नियमानुसार बोर्ड बैठक बुलाने पर जोर दिया है। राजीव कुमार सिंह का कहना है कि सभी पार्षदों का उद्देश्य किसी तरह का विवाद या टकराव पैदा करना नहीं है। पार्षद आपसी समन्वय और सकारात्मक संवाद के जरिए नगर निगम के कार्यों को सुचारु बनाना चाहते हैं, ताकि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में महापौर की ओर से बोर्ड बैठक की तारीख निर्धारित नहीं की जा रही है। वहीं, सकारात्मक बातचीत के माध्यम से मौजूदा परिस्थितियों का समाधान निकालने पर भी सहमति नहीं बन पा रही है। पार्षद के मुताबिक, बोर्ड बैठक बुलाने और कार्यकारिणी के गठन समेत कई महत्वपूर्ण विषय ऐसे हैं, जिन पर सदन में विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाना जरूरी है। उन्होंने नगर निगम की लोकतांत्रिक और वैधानिक कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने तथा जनहित के कार्यों को गति देने के लिए सकारात्मक और समयबद्ध पहल किए जाने की आवश्यकता जताई। अब बोर्ड बैठक को लेकर पार्षदों की मांग और सफाईकर्मियों के अल्टीमेटम के बीच नगर निगम में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर निगाहें टिकी हैं।
Jansaamna