Sunday, October 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया की सतर्कता पर व्याख्यान

आरेडिका में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया की सतर्कता पर व्याख्यान

➤ निविदाओं और अनुबंधों में पारदर्शिता, निष्पक्षता व जवाबदेही बनाए रखने पर दिया जोर

रायबरेली। सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में शुक्रवार को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में सतर्कता विषय पर व्याख्यान सत्र आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया के दौरान संभावित अनियमितताओं की पहचान करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। 16 अक्टूबर को सुबह 10:45 बजे आयोजित सत्र का विषय ‘व्हेयर प्रोक्योरमेंट मीट्स विजिलेंस: रेड फ्लैग्स इन पब्लिक प्रोक्योरमेंट ऑफ गुड्स, वर्क्स एंड सर्विसेज इन इंडियन रेलवे’ रहा। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ के वरिष्ठ प्रोफेसर (एसएंडटी) मुदित आनंद ने अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में सतर्कता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने वस्तुओं, कार्यों और सेवाओं की खरीद के दौरान संभावित अनियमितताओं के संकेतों, प्रक्रियागत खामियों और उनसे जुड़े उदाहरणों के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता, मितव्ययिता और सत्यनिष्ठा बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर आरेडिका के महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निविदाओं और अनुबंधों से संबंधित कार्यों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन करने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) महेश सिंह ने भी निविदाओं और अनुबंधों से जुड़े मामलों में सतर्कता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों को प्रक्रियागत कमियों और संभावित अनियमितताओं से बचने, निर्धारित नियमों का पालन करने तथा अपने कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की सलाह दी। व्याख्यान सत्र में आरेडिका के अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में सतर्कता संबंधी नियमों और सावधानियों के प्रति अधिकारियों को जागरूक करना तथा कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाना रहा। यह जानकारी आरेडिका के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डीके सक्सेना ने दी।