➤ मिनी स्टेडियम में हुई ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता, विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
सलोन, रायबरेली। मिनी स्टेडियम में बेसिक शिक्षा परिषद की प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभा दिखाई। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान ने की। खंड विकास अधिकारी शशि कुमार तिवारी मुख्य अतिथि रहे, जबकि आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए शशि कुमार तिवारी ने कहा कि खेलों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। खेल उनके शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों के शिक्षक बच्चों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ब्लॉक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चे जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
➤ दौड़ प्रतियोगिताओं में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
प्राथमिक बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राज प्रथम, शिवम द्वितीय और नैतिक तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में राज ने पहला, करण पटेल ने दूसरा और सतीश ने तीसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में शिवांश प्रथम, नैतिक द्वितीय और साकेत तृतीय रहे। वहीं, 50 मीटर दौड़ में शिवम प्रथम, सतीश द्वितीय और राज तृतीय स्थान पर रहे। प्राथमिक बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मोनी प्रथम, मोहिनी द्वितीय और किरण तृतीय रहीं। 200 मीटर में लक्ष्मी ने पहला, मोनी ने दूसरा और शालू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में मोहिनी प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय और दिव्यांशी तृतीय रहीं। 50 मीटर दौड़ में किरण प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय और प्राची तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आकाश प्रथम, हिमांशु द्वितीय और यीशु तृतीय रहे। 200 मीटर में गौरव प्रथम, गोपाल द्वितीय और शिवा तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में अनुज पाल ने पहला, यीशु सिंह ने दूसरा और आलोक ने तीसरा स्थान हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सेजल प्रथम, अंशिका द्वितीय और आकांक्षा तृतीय रहीं। 200 मीटर में सेजल प्रथम, अंशिका द्वितीय और कुसुम तृतीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में सोनी प्रथम, एसी द्वितीय और शिवानी तृतीय रहीं।
➤ अन्य खेलों में भी बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
दौड़ के अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, गोला फेंक और डिस्कस थ्रो की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। आयोजन में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक पप्पू रमेश और उनकी टीम की प्रमुख भूमिका रही। प्रदीप कुमार सिंह, वेद प्रकाश, अनिल यादव, सुनील कुमार, पवन कुमार, प्रवीण वर्मा, चांद बाबू, अनुराग यादव, संदीप चौधरी, दिवाकर, सबीहुल हसन और सुरेंद्र ने सहयोग किया। मोहम्मद सिद्दीक खान और शकील अहमद निर्णायक मंडल में शामिल रहे। कार्यक्रम में कदीर अहमद, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ की अध्यक्ष डॉ. साधना शर्मा, जिला संगठन मंत्री राम जी सरोज, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश पांडे, अजय कुमार, अजय मिश्रा, मोहम्मद आजम, अखिलेश सिंह, अमिताभ त्रिपाठी, गया मणिपाल, मोहम्मद वसीम, जयवर्धन सिंह, ज्योति सोनी और तबस्सुम नाज सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कदीर अहमद ने किया।
Jansaamna