Sunday, October 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पीईटी परीक्षा के लिए हाथरस में 16 केंद्र, 39,456 अभ्यर्थी होंगे शामिल

पीईटी परीक्षा के लिए हाथरस में 16 केंद्र, 39,456 अभ्यर्थी होंगे शामिल

➤ सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, मोबाइल प्रतिबंधित; सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के निर्देश

हाथरस। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों पर प्रति पाली 6,576 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी पालियों में कुल 39,456 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को कुल छह पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा कक्षों में क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अभ्यर्थियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था करने को कहा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने पर जोर दिया। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षकों की बाहरी ड्यूटी निर्धारित की गई है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।