➤ महापौर कामिनी राठौर ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर किया लीला का शुभारंभ
फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति, लेबर कॉलोनी की ओर से आयोजित रामलीला में लंका दहन की लीला का भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर किया। लीला के मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज में हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचते हैं। वहां वे विभिन्न स्थानों पर माता सीता की तलाश करते हुए विभीषण से मिलते हैं। इसके बाद वे अशोक वाटिका पहुंचते हैं, जहां माता सीता बैठी हुई थीं। इसी दौरान रावण माता सीता को भयभीत कर उनसे विवाह करने और लंका की पटरानी बनाने का प्रलोभन देता है। रावण के वहां से जाने के बाद हनुमान जी भगवान श्रीराम की दी हुई अंगूठी माता सीता के सामने डाल देते हैं। अंगूठी देखकर माता सीता समझ जाती हैं कि भगवान श्रीराम ने उनकी खोज में अपने दूत को भेजा है। इसके बाद भूख लगने पर हनुमान जी अशोक वाटिका में फल खाने लगते हैं और वहां के वृक्षों को उखाड़कर नष्ट कर देते हैं।
अशोक वाटिका के उजाड़े जाने की सूचना मिलने पर रावण अपने पुत्र अक्षय कुमार को हनुमान जी से युद्ध करने के लिए भेजता है, लेकिन हनुमान जी उसका वध कर देते हैं। इसके बाद मेघनाद हनुमान जी को ब्रह्मपाश में बांधकर रावण के दरबार में ले जाता है। वहां रावण और हनुमान जी के बीच संवाद होता है। रावण हनुमान जी को मृत्युदंड देने का आदेश देता है, लेकिन विभीषण उसे समझाते हैं कि दूत का वध करना उचित नहीं है। इसके बाद रावण हनुमान जी की पूंछ में आग लगाने का आदेश देता है। हनुमान जी जलती हुई पूंछ से पूरी लंका में आग लगा देते हैं। सोने की लंका धू-धू कर जलने लगती है। इस दृश्य का दर्शकों ने उत्साह के साथ आनंद लिया। कार्यक्रम में श्रीनिवास शर्मा, राकेश शंखवार, लक्ष्मीकांत शुक्ला, पंकज भारद्वाज, महेंद्र, रमेश, आनंद गिरि, रणजीत सिंह, सुनील वर्मा, मधुरिमा वशिष्ठ, ओम लता, श्रीमती मंजू, रोहित शर्मा, मोहित सिंह, कौशल शर्मा, दिनेश शर्मा, सौरव गुप्ता, धीरज गुप्ता और शिव प्रताप यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Jansaamna