फिरोजाबाद। महात्मा गांधी बालिका पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से जिला अस्पताल में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं ने अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। प्राचार्या प्रो. प्रियदर्शिनी उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशा और डॉ. आकांक्षा यादव के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर की सफाई करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, साफ-सफाई को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. नवीन जैन और डॉ. विशाल ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता और स्वास्थ्यकर आदतें बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, अस्पताल परिसर को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया।
Jansaamna