घाटमपुर, कानपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र 218 घाटमपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण और विशेष अभियान दिवसों की जानकारी दी।
एसडीएम एवं ईआरओ अबिचल प्रताप सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था की प्रक्रिया दो नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस अवधि में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन प्रस्तावित है।
Jansaamna