-प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ नहीं मिलने का लगाया आरोप
फिरोजाबाद। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने सदर विधायक मनीष असीजा से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी समस्या रखी।
उन्होंने बताया कि शासन की ओर से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के बावजूद संबंधित कंपनी पुराने मानदेय के आधार पर ही भुगतान कर रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कर्मचारियों की शिकायत पर विधायक मनीष असीजा ने तत्काल पहल करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के आदेशों का अक्षरशः पालन कराया जाए और मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ सभी सफाई कर्मचारियों को दिलाया जाए। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से कंपनी के माध्यम से बढ़े हुए मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि कर्मचारियों को शासन के निर्णय के अनुरूप उनका देय मानदेय मिल सके।
Jansaamna