Monday, October 19, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ऑपरेशन कवच 3.0: नियमों को ताक पर रखकर चलने वाली बसों पर एक्शन

ऑपरेशन कवच 3.0: नियमों को ताक पर रखकर चलने वाली बसों पर एक्शन

♦ उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन
​हिमांशुः कानपुर। प्रदेश के यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में पूरे राज्य में यात्री बसों का संचालन निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रावधानों के तहत किए जाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर नकेल कसने के लिए 16 अक्टूबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे उत्तर प्रदेश में दो दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान “ऑपरेशन कवच 3.0” चलाया गया।
​कानपुर नगर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
इस विशेष अभियान के तहत जनपद कानपुर नगर के प्रवर्तन अधिकारियों ने शहर और आसपास के मार्गों पर यात्री बसों की सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान बस बॉडी कोड (ए आई एस 119, 135, 052) के मानकों की अनदेखी करने, अनुमति क्षमता से अधिक सीटें या स्लीपर पाए जाने, आपातकालीन निकास (Emergency Exit) न होने या क्रियाशील न होने जैसे गंभीर मामलों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
​इसके साथ ही, बसों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों का अभाव, बिना परमिट या परमिट शर्तों का उल्लंघन, तथा सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बसों की छत या कैरियर पर निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक सामान लादकर वाहन संचालित करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। अभियान के दौरान कानपुर में कुल 65 बसों के चालान किए गए, जबकि सुरक्षा नियमों का भारी उल्लंघन मिलने पर 10 बसों को पूरी तरह निरुद्ध (सीज) कर दिया गया।
​सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है परिवहन विभाग
अधिकारियों का कहना है कि बसों की छतों पर भारी सामान लादना और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता न होना सड़क हादसों के दौरान यात्रियों की जान के लिए बड़ा खतरा बनता है। सड़क सुरक्षा से जुड़े इन गंभीर विषयों को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग का यह विशेष अभियान आगे भी कड़ाई से जारी रहेगा, ताकि आम जनता की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित हो सके।