Tuesday, October 20, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ऊंचाहार एनटीपीसी की यूनिट-5 का कोयले से भरा बंकर टूटा, सैकड़ों टन कोयला नीचे गिरा

ऊंचाहार एनटीपीसी की यूनिट-5 का कोयले से भरा बंकर टूटा, सैकड़ों टन कोयला नीचे गिरा

रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार विद्युत परियोजना में रविवार की रात करीब 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। परियोजना की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट संख्या-5 का कोयले से भरा बंकर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। बंकर में करीब 300 से 400 टन कोयला भंडारित होने की जानकारी है। हालांकि, यूनिट बंद होने के कारण घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, यूनिट संख्या-5 तकनीकी खराबी के चलते पहले से ही बंद चल रही थी। रविवार की रात अचानक बंकर टूट गया, जिससे उसमें भंडारित कोयला भरभराकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद परियोजना परिसर में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही एनटीपीसी के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि बंकर में आई खराबी के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे बंकर से बॉयलर को कोयले की आपूर्ति शुरू कराई गई। वहीं, क्षतिग्रस्त बंकर की मरम्मत का कार्य सोमवार सुबह से शुरू कर दिया गया। इस संबंध में एनटीपीसी ऊंचाहार की जनसंपर्क अधिकारी प्रिया कुमारी ने बताया कि विद्युत परियोजना की यूनिट-5 के बंकर के एक फीडर में आई यांत्रिक खराबी को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया है। एनटीपीसी के तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने संबंधित उपकरण की मरम्मत के लिए तत्परता से कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि विद्युत गृह में बिजली की मांग और आपूर्ति के अनुरूप विद्युत उत्पादन किया जा रहा है।