Tuesday, October 20, 2026
Breaking News
Home » मनोरंजन » ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनी ‘गोंधल’ 13 नवंबर को देशभर में होगी रिलीज

ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनी ‘गोंधल’ 13 नवंबर को देशभर में होगी रिलीज

मुंबई। फिल्म निर्माता और निर्देशक संतोष दावखर की मराठी लोक-थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ 13 नवंबर, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) द्वारा 99वें अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर 2027 में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ गया है। दावखर फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को संतोष दावखर ने लिखा, निर्देशित और निर्मित किया है। फिल्म को मराठी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है। क्षेत्रीय संस्कृति, लोक परंपराओं और रहस्य से जुड़ी इस कहानी के जरिए फिल्म देशभर के दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।

निर्देशक संतोष दावखर ने फिल्म की सफलता और देशव्यापी रिलीज को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ‘गोंधल’ बनाते समय उनका उद्देश्य अपनी मिट्टी की संस्कृति, रहस्यमयी परंपराओं और उनसे जुड़ी अनकही कहानियों को प्रामाणिकता के साथ पर्दे पर उतारना था। फिल्म का ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को फिल्म की देशव्यापी रिलीज ऐसा अनुभव है, मानो कहानी अपने सफर को पूरा कर उसी जगह लौट रही हो, जहां से उसकी शुरुआत हुई थी। उनके मुताबिक, सिनेमा की भावनाएं सच्ची हों तो भाषा की सीमाएं मायने नहीं रखतीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि देशभर के दर्शक इस रहस्यमय और रोमांचक कहानी का अनुभव बड़े पर्दे पर करेंगे।

रहस्य, जुनून और विश्वासघात की कहानी है ‘गोंधल’

महाराष्ट्र के ग्रामीण परिवेश में स्थापित ‘गोंधल’ जुनून, विश्वासघात और रहस्यमयी घटनाओं के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी है। फिल्म की मुख्य पात्र सुमन एक युवती है, जो दुखद और दमघोंटू वैवाहिक जीवन में फंसी हुई है। इस स्थिति से बाहर निकलने का रास्ता तलाशते हुए वह अपने प्रेमी सर्जेराव की पारंपरिक गोंधल अनुष्ठान के प्रति गहरी आसक्ति का फायदा उठाती है। कहानी आगे बढ़ने के साथ स्थानीय सत्ता संघर्ष, छिपे हुए इरादे और गुप्त विश्वासघात सामने आने लगते हैं। रात के अंधेरे में होने वाला पारंपरिक लोक-अनुष्ठान धीरे-धीरे अपराध और रहस्य के खतरनाक घटनाक्रम में बदल जाता है। फिल्म में इसी सवाल के इर्द-गिर्द रोमांच बुना गया है कि सुबह होने से पहले कौन-से राज सामने आएंगे और घटनाओं के क्या परिणाम होंगे।

दमदार कलाकारों और संगीत से सजी फिल्म

फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोईर और अनुज प्रभु प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी प्रसिद्ध संगीतकार इलैयाराजा ने संभाली है, जबकि सिनेमैटोग्राफी अमलेंदु चौधरी ने की है। ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने और छह भाषाओं में रिलीज की योजना के चलते ‘गोंधल’ को लेकर फिल्म जगत में उत्सुकता बनी हुई है। अब 13 नवंबर को इसकी देशव्यापी रिलीज पर दर्शकों की निगाहें टिकी हैं।