हाथरस। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के संभाजन के बाद सूची का आलेख्य प्रकाशन 19 अक्टूबर को कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुरूप हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूचियां प्रकाशित की गई हैं। इन सूचियों की प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई हैं। आम नागरिक भी तहसील कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में इन सूचियों का निःशुल्क निरीक्षण कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मतदेय स्थलों की सूचियों का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी को सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव देना है, तो वह 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित कार्यालय में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। बैठक में भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा और माकपा के प्रतिनिधियों के अलावा अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, सभी उपजिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansaamna