हाथरस। अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित जोगिया के बांके बिहारी एन्क्लेव में नवनिर्मित सिद्धपीठ मां कात्यायनी नवदुर्गा मंदिर में चल रहे दस दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का मंगलवार को समापन होगा। महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर में भव्य फूलबंगला, छप्पन भोग और महाआरती के दर्शन होंगे। इसके साथ ही विशाल भंडारे और महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में परम शक्तिपीठ श्रीधाम वृंदावन की साध्वी ऋतम्भरा तथा सुदामाकुटी, श्रीधाम वृंदावन के नाभापीठाधीश्वर जगद्गुरु सुतीक्ष्ण दास देवाचार्य महाराज का आगमन होगा। मंदिर के चरण सेवक देवेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि महोत्सव के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल प्रसादी पंडाल तैयार किया गया है। मंदिर परिसर सहित पूरे क्षेत्र को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है।अंतिम दिन होने वाले धार्मिक आयोजनों को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि श्रद्धालु सहजता से दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर यज्ञ की परिक्रमा करने, मां कात्यायनी की महाआरती में शामिल होने और महाप्रसादी ग्रहण करने की अपील की। कार्यक्रम की जानकारी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मीडिया प्रभारी आशीष सेंगर ने दी।
Jansaamna