Wednesday, October 21, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शिक्षक-स्नातक खंड चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां

शिक्षक-स्नातक खंड चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां

फिरोजाबाद। शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सदर विधायक मनीष असीजा के निज निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक रणनीति और मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भाजपा महानगर प्रभारी विवेक सारस्वत, महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर और सदर विधायक मनीष असीजा ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संगठन की भूमिका पर विचार-विमर्श किया। पदाधिकारियों ने संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बनाए रखने और चुनाव से जुड़े दायित्वों का व्यवस्थित ढंग से निर्वहन करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संबंधित मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर भी मंथन किया गया। महानगर प्रभारी एवं महानगर अध्यक्ष ने पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों से चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में योगेंद्र सिंह बाबा, स्नातक खंड संयोजक विवेक अग्रवाल, शिक्षक खंड संयोजक विष्णु सक्सेना, आनंद अग्रवाल, प्रमोद पाल बघेल, देवेश भारद्वाज, आकाश गुप्ता, दीपक गुप्ता कालू, अनुपम शर्मा, मधुरिमा गुप्ता, देश दीपक गुप्ता, प्राचीर गुप्ता, अनार सिंह कुशवाहा, गौतम कुशवाहा, सत्य प्रकाश यादव, भारत सिंह वर्मा और सत्यवीर गुर्जर सहित महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।