श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच मथुरा में समाजवादी पार्टी के नेताओं की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। चुनाव लड़ने के लिए लंबे समय से ताल ठोक रहे अनिल अग्रवाल पर गैंगस्टर एक्ट लग चुका है, वहीं पूर्व प्रदेश सचिव सैयद राजन अहमद रिजवी भी एक बैंककर्मी के साथ अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप में जेल जा चुके हैं। अब सपा नेत्री एवं निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। महानगर स्थित आजाद नगर, सौंख रोड निवासी मनीष आजाद ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। पुलिस ने ऋतु गोयल, उनके बाउंसरों और साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि, समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने मथुरा में पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर रखा है। पीड़ित ने सपा नेत्री और उनके साथियों पर मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं। इसके बाद ऋतु गोयल और उनके साथियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पीड़ित मनीष आजाद ने बताया कि आरोपी सपा नेत्री ऋतु गोयल ने इससे पहले 22 अप्रैल को भी फोन पर और मौखिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकियां दी थीं। इस संबंध में उन्होंने पहले भी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की जान-माल को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है।
Jansaamna