मथुरा। लोकतंत्र में जनता का वोट केवल एक मत नहीं, बल्कि देश का भविष्य तय करने की महत्वपूर्ण ताकत है। मताधिकार की रक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ब्लॉक स्तर पर पदयात्रा निकाली जाएगी। इस अभियान के माध्यम से आमजन को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से नहीं हटाया जाना चाहिए और न ही किसी अपात्र व्यक्ति का नाम अनुचित रूप से सूची में शामिल होना चाहिए। मतदाता सूची की पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रस्तावित पदयात्रा गांव-गांव, गली-गली पहुंचकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेगी। इस दौरान मतदाताओं से अपनी प्रविष्टियों की जांच करने और सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की अपील की जाएगी। कांग्रेस ने अपने संदेश में कहा कि वोट जनता का अधिकार है, किसी की मेहरबानी नहीं। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मत का सम्मान होना चाहिए। पदयात्रा का उद्देश्य मतदाताओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के साथ चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग को मजबूती से उठाना है। पार्टी की ओर से यह भी कहा गया कि अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने, संविधान की रक्षा करने और जनता के मताधिकार का सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। कांग्रेस ने लोगों से शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से इस अभियान में सहभागी बनने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।
Jansaamna