Thursday, October 22, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ऊंचाहार के शिल्पकार थे ठाकुर दलबहादुर सिंह

ऊंचाहार के शिल्पकार थे ठाकुर दलबहादुर सिंह

ऊंचाहार, रायबरेली। देश की आजादी के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और ऊंचाहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वर्गीय ठाकुर दलबहादुर सिंह की 117वीं जयंती पर करणी सेना ‘भारत’ की ओर से ऊंचाहार पुस्तकालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम में करणी सेना ‘भारत’ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूपेन्द्र बहादुर सिंह (नन्हे भैया) ने कहा कि ठाकुर दलबहादुर सिंह ने ऊंचाहार को नई पहचान दिलाई। वह क्षेत्र के शिल्पकार थे। उनके प्रयासों ने ऊंचाहार के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभा में वक्ताओं ने उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, जनसेवक और प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि ठाकुर दलबहादुर सिंह ने अंग्रेजों के विरुद्ध अनेक आंदोलनों में भाग लिया और कई बार जेल गए। देश की आजादी के बाद भी उन्होंने ऊंचाहार के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए। क्षेत्र में एनटीपीसी, शारदा सहायक नहर और ऊंचाहार एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लाने, विभिन्न मार्गों के निर्माण तथा सैकड़ों लोगों को शिक्षक के रूप में रोजगार दिलाने में उनके योगदान को विशेष रूप से याद किया गया। श्रद्धांजलि सभा में अरुण सिंह चंदेल (कन्दरावा), शिवकरन तिवारी, हरिनारायण इंटर कॉलेज ऊंचाहार के पूर्व प्रवक्ता हरिनारायण तिवारी, करणी सेना के सदस्यता अभियान प्रभारी नीरज सिंह बघेल, विवेक सिंह (होरैसा), कुलदीप सिंह (बाहरपुर), रवींद्र सिंह राठौर (तिलोई), आजम खान (ऊंचाहार), रेखा विश्वकर्मा और तेजभान सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने ठाकुर दलबहादुर सिंह के आदर्शों, जनसेवा और क्षेत्र के विकास के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। करणी सेना ‘भारत’ ने इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति उनके योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।