हाथरस। निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा गांधी पार्क तिराहा, अलीगढ़ रोड पर संचालित रोटी बैंक ने लगातार 3200 दिनों तक सेवा करने का उल्लेखनीय पड़ाव पूरा कर लिया है। ‘भूख से हम रोने नहीं देंगे, भूखा हम सोने नहीं देंगे’ के संकल्प के साथ शुरू की गई इस पहल के माध्यम से प्रतिदिन जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि रोटी बैंक की सेवा 3200 दिनों में एक भी दिन बंद नहीं हुई। शहरवासी जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों पर प्रसादी की बुकिंग कराकर इस सेवा कार्य में सहभागी बनते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से ऐसा कोई दिन नहीं बीता, जब प्रसादी की बुकिंग नहीं हुई हो। लोगों के सहयोग से जरूरतमंदों तक नियमित रूप से भोजन पहुंचाया जा रहा है। रोटी बैंक के अलावा निस्वार्थ सेवा संस्थान मूक पशुओं की सेवा, निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग, रक्तदान शिविरों का आयोजन, अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार और डिजिटल शिक्षा जैसे सामाजिक कार्यों में भी योगदान दे रहा है। रोटी बैंक के प्रभारी तरुण राघव ने कहा कि भविष्य में सेवा कार्यों का विस्तार कर अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस सेवा कार्य में संस्थान के सचिव नीरज गोयल, कोऑर्डिनेटर डॉ. रंगेश शर्मा, निष्कर्ष गर्ग, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, आलोक अग्रवाल, ओम प्रकाश वर्मा, कान्हा, प्रिंस गोयल और मयंक वार्ष्णेय सहित अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
Jansaamna