Thursday, October 22, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना एनटीपीसी ऊंचाहार का रावण दहन

ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना एनटीपीसी ऊंचाहार का रावण दहन

रायबरेली। विजयादशमी का पर्व एनटीपीसी ऊंचाहार परिसर में हर्षोल्लास, आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य रावण दहन समारोह आकर्षण का केंद्र रहा। विशाल रावण के दहन और रंग-बिरंगी आतिशबाजी से रात का आसमान जगमगा उठा। बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देने वाले इस पर्व पर पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा। एनटीपीसी के स्टेडियम में आयोजित राम-रावण युद्ध के भव्य मंचन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रावण दहन के साथ ही जय श्रीराम के जयघोष से परिसर गूंज उठा। इसके बाद हुई आकर्षक आतिशबाजी ने आसमान में सप्तरंगी छटा बिखेर दी। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ पर्व मनाया और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस आयोजन का आनंद लिया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक बिस्व मोहन सिंह ने कहा, “विजयादशमी हमें अपने जीवन और कार्यक्षेत्र में सकारात्मकता, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। एनटीपीसी ऊंचाहार भी राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। आइए, हम सभी अपने सामूहिक प्रयासों से देश की प्रगति में योगदान दें।” एनटीपीसी प्रबंधन, मानव संसाधन विभाग, कर्मचारी यूनियन, कार्यकारी एसोसिएशन तथा पर्व आयोजन समिति 2026-27 के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के समन्वित प्रयासों से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने एनटीपीसी परिवार और आसपास के जनसमुदाय को एक मंच पर लाकर भारतीय संस्कृति, सामूहिक एकता और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत किया। विजयादशमी का यह उत्सव आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और एकता का संदेश देते हुए लोगों के मन में सकारात्मकता एवं नई ऊर्जा का संचार कर गया।