Thursday, October 22, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, मतदान केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, मतदान केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड स्नातक एवं शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन स्थित सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि विधान परिषद का चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाता है। ऐसे में मतदान प्रक्रिया के दौरान विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि मतपेटी को ऐसे स्थान पर रखा जाए, जहां वह सभी को दिखाई दे और मतदान की गोपनीयता भी बनी रहे। मतदान केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार महत्वपूर्ण गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराई जाए। मतदान के दौरान मत डालने वाले स्थान को छोड़कर पूरे कमरे और प्रवेश द्वार से निकास तक की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने थाना प्रभारियों और मतदान केंद्र प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों तथा मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। आवश्यकता के अनुसार लोहे के बैरियर और बल्लियां लगाकर अनधिकृत प्रवेश पर रोक सुनिश्चित की जाए। एसएसपी ने मतदान केंद्रों के आसपास और छतों पर ईंट-पत्थर या अन्य संदिग्ध वस्तुएं रखी होने की आशंका को देखते हुए परिसर की गहन जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध सामग्री मिलने पर उसे हटवाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।