Monday, September 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » खाना बनाते में आग से जली विवाहिताः मौत

खाना बनाते में आग से जली विवाहिताः मौत

सिकन्द्राराऊ/हाथरस, जन सामना ब्यूरो। कोतवाली क्षेत्र के गांव नाई कपसिया में कल देर शाम खाना बनाते समय एक विवाहिता आग की चपेट में आ जाने से बुरी तरह से जलकर गम्भीर घायल हो गई और उसकी मौत हो जाने से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
बताते हैं कोतवाली क्षेत्र के गांव नाई कपसिया निवासी गुलाब सिंह उर्फ रमेशचन्द्र पुत्र पूसेराम की करीब 21 वर्षीय पत्नी श्रीमती प्रियंका कल शाम घर पर खाना बना रही थी इसी दौरान उसके कपडों में आग लग जाने से वह आग की चपेट में आ गई और बुरी तरह से झुलसकर गम्भीर घायल हो गई। विवाहिता की कुछ बाद मौत हो जाने से गांव में भारी सनसनी फैल गई।
बताते हैं घर पर विवाहिता अकेली थी और अन्य कोई परिजन नहीं था। घटना की सूचना पाकर परिजन मौके पर आ गये तथा सूचना पाकर मौके पर मृतका के मायके वाले व पिता नरेश कुमार पुत्र रामसहाय निवासी गांव लखमीपुर थाना अमापुर जनपद कासगंज आदि आ गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है। मृतका की शादी पिछले साल 15 मई 2017 को हुई थी।
घटना के सम्बंध में कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है और परिजनों ने लिखकर दिया है कि मृतका की खाना बनाते समय आग लग जाने से मृत्यु हो गई।