कानपुर। मोहन गेस्ट हाउस कल्याणपुर में प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी प्रचार प्रसार अभियान के तहत पदाधिकारियों का गठन हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष शशि शंकर शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर उन्होंने अनेक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों की भी घोषणा की। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप मिश्रा योगात्मक रूप से कैसे योजनाओं को चलाना है इसकी जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राघव द्विवेदी, (क्षेत्रीय उपाध्यक्ष) जिन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा चलाई गई योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
आवाहन के तहत किए गए पदाधिकारियों की घोषणा इस प्रकार है:-
संदीप मिश्रा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनीष सिन्हा उपाध्यक्ष, पार्थ चड्डा उपाध्यक्ष, ममता छाबड़ा उपाध्यक्ष, गिरजा शंकर शर्मा उपाध्यक्ष शक्ति सहाय महामंत्री, रवि यादव महामंत्री, अजय यादव मंत्री, नीतू दीक्षित मंत्री, सुमन सक्सेना मंत्री, शिव मिश्रा उपाध्यक्ष।
JAN SAAMNA DESK
नमामि गंगे कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश
लखनऊ। मुख्य सचिव उ0प्र0 शासन राजेन्द्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में राज्य गंगा समिति एवं गवर्निंग काउंसिल की सातवीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नमामि गंगे कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित योजनाओं को समयबद्ध एवं निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए तथा बेहतर पर्यवेक्षण के लिए निर्माणाधीन परियोजनाओं की माहवार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समय-सारिणी निर्धारित की जाए।
प्रमुख सचिव नमामि गंगे अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में नमामि गंगे कार्यक्रम के अन्तर्गत 10078.25 करोड़ की सीवरेज सम्बन्धित 44 योजनाएं स्वीकृत हैं, इनमें से 16 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 21 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है एवं 07 योजनाएं निविदा प्रक्रिया में हैं। उन्होंने बताया कि 13 नई योजनाएं लागत रु0 3797.81 करोड़ के डीपीआर एनएमसीजी को स्वीकृति हेतु भेजा गया है।
उ0प्र0 प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि लखनऊ, बिजनौर, बुलन्दशहर, गाजियाबाद, कानपुर, रायबरेली, प्रयागराज एवं वाराणसी में प्रयोगशाला के सुदृढ़ीकरण हेतु 38.08 करोड़ रु0 स्वीकृत किये गए हैं तथा सभी स्थानों पर समयबद्ध रूप से कार्य किये जा रहे हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि गंगा बेल्ट में 08 प्रयोगशालाएं स्थापित हैं तथा 34 जगहों पर जल गुणता की माॅनिटरिंग हो रही है, और गतवर्ष की तुलना में जल की गुणवत्ता में बहुत सुधार आया है।
गंगा में मिलने वाले नालों के संबंध में बताया गया कि गंगा के किनारे स्थित 144 नाले नदी में मिल रहे हैं, इनमे ंसे 93 नाले एसटीपी से टैप हैं तथा 51 नालों पर जाली लगी हुई है। इसके अलावा गंगा के किनारे शहरों हेतु साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट हेतु वर्तमान में 2650 टन क्षमता के संयंत्र संचालित हैं तथा जनपद बलिया, मीरजापुर, फर्रूखाबाद तथा गंगाघाट में संयंत्रों का निर्माण प्रगति पर है, इनके पूरा हो जाने पर कुल क्षमता 2950 टन प्रतिदिन की हो जाएगी।
शरत खेमका पर गुंडा एक्ट के तहत कार्यवाही की मांग की
कानपुर/लखनऊ। 15 अगस्त 2020 को कानपुर के गंगा बैराज तिराहा पर शुद्ध प्लस पान मसाला के शरत खेमका द्वारा लग्जरी कार से स्टंटबाजी मामले में पुलिस की कार्यवाही को एक्टिविस्ट डॉ नूतन ठाकुर ने अपर्याप्त बताया है।
डीजीपी यूपी एचसी अवस्थी को भेजी अपनी शिकायत में नूतन ने कहा कि घटना से संबंधित वीडियो से स्पष्ट है कि मौके पर फोन नंबर 9454403742 थाना नवाबगंज लिखी पुलिस की जीप सहित पुलिस दल मौजूद था जिसके सिपाही पूरी तरह चुप थे। अतः इन पुलिसवालों द्वारा अपने कर्तव्य का पालन नहीं करने के संबंध में उन पर कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि इस आपराधिक घटना में शरत खेतान अकेले नहीं था बल्कि उसके कई सारे लोग भी सहयोग कर रहे थे, जिनकी संख्या 5 से अधिक थी. अतः इस मामले में धारा 143 तथा 149 आईपीसी की बढ़ोत्तरी होनी चाहिए। साथ ही धारा 290 (लोक न्यूसेंस का दंड), 504 (सार्वजनिक अपमान) तथा 506 (आपराधिक अभित्रास) भी जोड़ा जाना चाहिए।
नूतन ने इसके साथ ही शरत खेमका पर गुंडा एक्ट के तहत कार्यवाही की भी मांग की है।
गुलदस्ता में पन्नी पाये जाने पर लगाया 500 रूपये का जुर्माना
कानपुर देहात। जिलाधिकारी डाॅ0 दिनेश चन्द्र ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जीएम डीआईसी चन्द्रभान सिंह द्वारा उनके स्वागत हेतु गुलदस्ता देने पर उसमें पन्नी लगी पाये जाने पर उन पर 500 रूपये का जुर्माना लगाया तथा नगर पंचायत अकबरपुर द्वारा जुर्माना वसूला गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आप भी जिस विभाग में है वह प्लास्टिक व पोलीथीन के रोकथाम की श्रेणी में आते है आप भी लोगों पर प्लास्टिक व पोलीथीन पाये जाने पर जुर्माना लगा सकते है परन्तु आप ही इसको नजर अन्दाज कर रहे है। उन्होंने निर्देशित किया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार ने प्लास्टिक व पोलीथीन को प्रतिबंधित कर दिया है इसके रोकथाम हेतु अच्छे से पालन कराया जाये जहां कहीं भी प्लास्टिक व पोलीथीन का प्रयोग पाया जाये उसमें जुर्माना जरूर वसूला जाये। वहीं उन्होंने नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्लास्टिक व पोलीथीन का प्रयोग करने वालों पर जुर्माना लगाया जाये।
खाँसी-बुखार पाये जाने पर कोरोना की जांच जरूरीः डीएम
कानपुर देहात। जिलाधिकारी डाॅ0 दिनेश चन्द्र ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कोरोना महामारी के चलते चिकित्सकों आदि अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कोरोना महामारी के चलते रोकथाम स्वास्थ्य सेवायें सभी प्रकार से संचालित हो इसके लिए सारी व्यवस्थायें सुदृढ़ कर लें, कहीं किसी प्रकार से लापरवाही न की जाये। जनपद के केन्द्रीय विद्यालय में संचालित एल 1 अस्पताल में कोरोना मरीजों को समय से भोजन, काढ़ा, नास्ता आदि दें तथा साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये। मरीजों को योगा कराया जाये तथा नींबू पानी, गर्म पानी भी दिया जाये। उन्होंने कहा कि मास्क, ग्लब्स,, पीपीई किट, सैनेटाइजर आदि सभी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे तथा चिकित्सकों आदि को उपलब्ध कराते रहे कहीं किसी भी प्रकार से लापरवाही न की जाये। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि कोरोना महामारी के चलते शीघ्र ही कोविड एल 2 अस्पताल प्रारंभ कराया जाये इसके लिए सभी व्यवस्थायें दुरस्त कर ले तथा प्रोटोकाल का अच्छे से पालन किया जाये। सभी लोग मास्क कपड़े के लगायें तथा चिकित्सक जो कोविड अस्पताल में हैं वह एन 95 मास्क का प्रयोग करें तथा सोशल डिस्टेसिंग का हर हाल में पालन कराया जाये। जनपद में जो कन्टेनमेंट जोन संचालित हैं उसमें पूरी तरह से शासन के प्रोटोकाल का पालन कराया जाये वहां पर सही प्रकार से सैनेटाइजेशन कराने का कार्य कराया जाये तथा कन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग करायी जाये व शत प्रतिशत सैम्पलिंग हो। नगरीय क्षेत्र में नगर निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों द्वारा सैनेटाइजेशन का कार्य कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में कोविड हेल्प डेस्क सही प्रकार से संचालित हो तथा कोविड हेल्प डेस्क में सभी कर्मचारियों, अधिकारियों आदि का थर्मोस्कैनिंग व पल्स अर्थोमीटर से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाये। खाँसी व बुखार आदि पाये जाने पर एनटीजेन व आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाये। वहीं उन्होंने कहा कि फैक्ट्रियों में भी कोविड हेल्प डेस्क संचालित रहे तथा वहां भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाये संदिग्ध पाये जाने पर कोरोना जांच करायी जाये तथा साफ सफाई पर ध्यान दिया जाये। वहीं जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट प्रागढ़ में सैनेटाइजेशन करने वाली मशीन का अवलोकन किया तथा कहा कि सोडियम हाइपोक्लोराइट दवा का छिडकाव जनपद में अच्छे से कराया जाये तथा कहीं किसी भी प्रकार से लापरवाही न की जाये तथा मानक के अनुसार पानी को मिलाया जाये।
कृषि अधिकारी ने खाद की दुकानों का किया औचक निरीक्षण
कानपुर नगर। अपर मुख्य सचिव कृषि के निर्देश अनुसार जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में जनपद जिले के घाटमपुर क्षेत्र में खाद, कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया। मेसर्स उमराव ट्रेडर्स ग्रीन क्रॉप इत्यादि से खाद के नमूने लिए गए। कुशवाह खाद भंडार कुष्मांडा रोड, कुष्मांडा खाद भण्डार, जितेंद्र बीज भण्डार, भोला बीज भंडार, कुर्मी बीज भण्डार, इत्यादि की दुकान बंद मिली। कई खाद दुकानदार दुकान के शटर गिरा कर भाग गए जिनके निलंबन की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ग्रीन क्रॉप, न्यू कुशवाह बीज भंडार, कुशवाह बीज भंडार इत्यादि से कीटनाषकों के नमूने लिए गए। साथ ही कृषि रक्षा इकाई घाटमपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय पटल सहायक शिवपाल, मनोज, गोपाल साथ रहे। शासन मंशा के अनुरूप खाद की किल्लत नही होने दी जाएगी, ओवर रेटिंग करने वालो का लाइसेंस निरस्त करते हुए एफ आई आर की जाएगी। छापा मारी अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।
सड़क दुर्घटना में बस चालक व कण्डक्टर घायल
कानपुरः अर्पण कश्यप। बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा 2 यादव मार्केट हाइवे पर बस और कंटेनर की टक्कर हो गई। टक्कर में बस चालक और कंडेक्टर घायल होने के साथ ही बस में बैठी 5 सवारियों के मामूली चोटे आई। जानकारी के अनुसार लुधियाना निवासी ड्राइवर जगजीत सिंह और कंडेक्टर कर्मजीत सिंह लुधियाना से फतेपुर बुकिंग लेने जा रहे थे कि बर्रा हाइवे पर पहुँचे ही थे कि आगे जा रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक मार दी। इस वजह से पीछे से आ रही बस कंटेनर जा भिड़ी जिसके बाद बस चालक जगजीत सिंह और कंडेक्टर कर्म जीत गम्भीर रूप से घायल हो गए। सड़क दुर्घटना की सूचना पाकर पहुँची पुलिस ने चालक और कंडेक्टर को हैलेट अस्पताल में पहुँचाया। जहां हालात गंभीर होने से लखनऊ रेफर कर दिया गया। वही बस में बैठी सवारी को मामूली चोट आई थी जिनको दूसरी गाड़ी से रवाना किया गया। कंटेनर चालक भाग गया। वही बस को थाने लाकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी।

पुलिस चौकी में वर्षों से अंगद की तरह पांव जमाए हुए हैं कुछ पुलिसकर्मी
मीरजापुर। स्थानीय क्षेत्र में पुलिस का इकबाल पुलिस के नुमाइंदे ही खत्म कर रहे हैं। मड़िहान थाना क्षेत्र के राजगढ़ पुलिस चौकी में कई पुलिसकर्मी ऐसे हैं जो बरसों से यहां अंगद की तरह अपना पांव जमाए बैठे हैं। जिनके क्षेत्र के अपराधियों से भी प्रगाढ रिश्ते हो चुके हैं। अपराधियों के साथ ये पुलिसकर्मी अवैध धंधों में लिप्त होने का अंदेशा जताया जा सकता है और पुलिस की गुप्त सूचनाएं तक अपराधियों तक पहुंचा रहे हैं। जब तक पुलिस चौकी से इन अंगदों को नहीं उखाड़ा जाएगा तब तक पुलिस के विभीषण नहीं मर पाएंगे। तबादला होता भी है तो फिर लौट आते हैं। इन पुलिसकर्मियों के पुलिस उच्चाधिकारी और नेताओं से अच्छे सम्बन्ध हैं। जिसके कारण उनका थाने से तबादला ही नहीं होता है। कोई नया अधिकारी आने पर इनका तबादला भी हो जाता है तो ये पुलिसकर्मी इधर-उधर से जुगाड़ बैठाकर फिर वहीं लौट आते हैं। जबकि शासन के नियमानुसार तीन साल से अधिक कोई पुलिसकर्मी एक जगह पर नहीं टिक सकता।
पुलिस मुख्यालय के स्पष्ट आदेश हैं कि पुलिस कांस्टेबल व हैडकांस्टेबल एक थाने में तीन साल से ज्यादा पदस्थापित नहीं रह सकते, लेकिन हालात यह है कि मड़िहान थाना क्षेत्र के राजगढ़ पुलिस चौकी में शासन के नियम व पुलिस मुख्यालय के इन आदेशों की धज्जियां उड़ रही हैं। राजगढ़ पुलिस चौकी में कई पुलिसकर्मी ऐसे हैं जो एक ही पुलिस चैकी में कई वर्षों से टिके हुए हैं। इसलिए कुछ अच्छे पुलिसकर्मी भी बदनाम हो रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने डाक मुंशी को किया सम्मानित
मीरजापुर। नगर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने अपने कार्यालय के डाक मुंशी आशीष कुमार (आरक्षी) को मेडल लगाकर सम्मानित किया। ज्ञातव्य है कि वर्ष 2019 में सम्पन्न कुम्भ मेला में उत्कृष्ट योगदान करने पर मुख्यमंत्री (उ0प्र0)सरकार द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस आशीष कुमार शुक्ल को कुम्भ मेला मेडल के लिये चयनित किया गया था, जिसे आज अपने कार्यालय में एस0पी0 सिटी द्वारा मेडल लगाकर सम्मानित किया गया ।
माधुरी दीक्षित के फैन पप्पू सरदार करेंगे निशुल्क मेहंदी एवं मास्क वितरित
मीरजापुर। सच्चिदानंद सिंह/संस्कार सिंह। माधुरी दीक्षित के फैन जमशेदपुर निवासी पप्पू सरदार माधुरी दीक्षित के चलते हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। प्रति वर्ष वह 15 मई को माधुरी दीक्षित का जन्मदिन मनाते हुए समाज सेवा करते रहते हैं। इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष हरतालिका तीज में माधुरी दीक्षित के फैन पप्पू सरदार (मनोहर चाट) की तरफ से अपनी बहनों के लिए मेहंदी लगाने का कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे है। इस साल कोरोना संक्रमण की महामारी को लेकर मेहंदी लगाने का कार्यक्रम सोशल डिस्टेंसिंग के चलते नहीं कर पा रहे हहै। सरकारी नियमों को ध्यान में रखकर इस साल पप्पू सरदार अपनी बहनों को मात्र 2 दिन साकची मनोहर चाट दुकान में 19 अगस्त 20 बुधवार एवं 20 अगस्त गुरूवार को निशुल्क मेहंदी एवं मास्क बाटेंगे। बताते चलें कि पप्पू सरदार माधुरी दीक्षित के बहाने गरीब लड़कियों की शादी, ओल्ड एज होम में रहने वाले बुजुर्गों एवं विकलांगों
की सेवा के साथ अपने यूट्यूब चैनल ‘पप्पू सरदार’ पर सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाते नजर आते हैं।
Jansaamna