फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग शिविरों का आयोजन कर किए गए योगदान के लिए जनपद के 40 योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्थानीय कोर्णाक होटल में आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने प्रशस्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि आप सभी योग प्रशिक्षक आदियोगी भगवान शंकर, पाणिनि और पतंजलि की परंपरा के ध्वजवाहक हैं। केंद्र में मोदी जी की सरकार आने के बाद योग परंपरा को जो सम्मान प्राप्त हुआ, वह अविस्मरणीय रहेगा। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित करना भारत सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
मुख्य समाचार
व्यापारियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल व्यापार से जुड़ने पर दिया जोर
फिरोजाबाद। कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में रविवार को तुलसी पैलेस में जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से पहुंचे व्यापारियों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों की समस्याओं तथा व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पश्चिमी उत्तर प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के चेयरमैन विनोद बंसल ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने व्यापारियों से संगठित होकर अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया। फिरोजाबाद की पहचान कांच और चूड़ी उद्योग के साथ मेहनतकश व्यापारियों और उद्यमियों से भी है। गैस की समस्या, छोटे कारखाना संचालकों की दिक्कतों तथा श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाने की बात कही। युवा व्यापारियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल व्यापार से जुड़ने पर भी जोर दिया।
महिलाओं ने हरियाली तीज के गानों पर मचाया जमकर धमाल
फिरोजाबाद। माथुर वैश्य इंटरनेशनल महिला तुलसी क्लब गोल्ड द्वारा हरियाली तीज महोत्सव फिरोजाबाद क्लब में मनाया गया। जिसमें महिलाएं हरे रंग के परिधानों में नजर आईं। वहीं वेस्ट क्वीन का खिताब शालू गुप्ता के नाम रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना से किया। इसके बाद माथुर वैश्य इंटरनेशनल महिला तुलसी क्लब गोल्ड की महिलाओं ने हरियाली तीज के गानों पर जमकर धमाल मचाया। महिलाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार-चांद लगा दिए। वेस्ट क्वीन का खिताब शालू गुप्ता को प्रदान किया। रनर अप नीलम गुप्ता और तीसरे स्थान पर सरिता गुप्ता रहीं। अध्यक्ष एमवी आशा राकेश गुप्ता द्वारा सभी बहनों को सुहाग का सामान प्रदान किया गया। वहीं बर्थडे गिफ्ट और लकी पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
श्रावण के अंतिम सोमवार को लेकर सुरक्षा सख्त
हाथरस। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने रूट पर गश्त बढ़ा दी है। इसी क्रम में सासनी कोतवाल विपिन चौधरी ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रविवार को निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
Read More »एम्स में गुणात्मक अनुसंधान और एनविवो 15 पर दो दिवसीय कार्यशाला
रायबरेली। एम्स रायबरेली के कम्युनिटी मेडिसिन एवं पब्लिक हेल्थ विभाग में 21 और 22 अगस्त को ‘क्वालिटेटिव रिसर्च एंड डेटा एनालिसिस यूजिंग एनविवो 15 एंड एआई’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्घाटन एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा अनुसंधान में गुणात्मक शोध पद्धतियों के बढ़ते महत्व पर जोर दिया। कार्यशाला में गुणात्मक अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को जानकारी दी। डॉ. मुकेश शुक्ला ने गुणात्मक अध्ययन के मूल सिद्धांतों, शोध पद्धति, सैंपलिंग रणनीतियों और नैतिक पहलुओं पर चर्चा की। डॉ. अभय सिंह ने साक्षात्कार गाइड तैयार करने से लेकर ट्रांसक्रिप्ट तैयार करने तक की प्रक्रिया समझाई। वहीं डॉ. नीरज पवार ने गुणात्मक डेटा के विश्लेषण, कोडिंग रणनीतियों और थीमैटिक इंटरप्रिटेशन पर जानकारी दी।
अब घर का नक्शा पास कराने के लिए नहीं लगाने होंगे विकास प्राधिकरण के चक्कर
मथुरा। भवन निर्माण के लिए नक्शा स्वीकृत कराने की व्यवस्था में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने बदलाव किया है। अब भवन मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए आवेदकों को प्राधिकरण के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। पुरानी व्यवस्था को बंद कर फास्ट पास पोर्टल के माध्यम से मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया लागू कर दी गई है। जुलाई में पोर्टल पर प्राप्त करीब 75 प्रतिशत मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर या उससे पहले नक्शों को स्वीकृति मिल गई। एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने बताया कि मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से फास्ट पास पोर्टल को प्रभावी किया गया है। इसके माध्यम से नक्शा स्वीकृति के साथ विभिन्न विभागों से जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन कर दी गई है। नई व्यवस्था से आवेदकों को आवेदन की स्थिति की जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। इससे उन्हें बार-बार प्राधिकरण के कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन प्रक्रिया से मानचित्र स्वीकृति में जवाबदेही बढ़ने और अनावश्यक देरी कम होने की उम्मीद है।
Read More »कांग्रेस के धरने में राजेंद्र पाल गौतम ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर साधा निशाना
➤ पुलिस द्वारा साउंड और कुर्सियां हटाने को लेकर कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक, बाद में धरने की अनुमति
कानपुर। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ शनिवार को फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा पर कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने विधानसभा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती और विपक्ष के साथ किए जा रहे व्यवहार का असर भविष्य में सत्ता परिवर्तन के बाद देखने को मिल सकता है। धरने का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर ग्रामीण के अध्यक्ष संदीप शुक्ला के आह्वान पर किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सतीश महाना ने अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाए हैं। जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया था, लेकिन इसके बाद पुलिस पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए।
‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ के लिए 4 सितंबर तक करें आवेदन
लखनऊ। डाक विभाग ने कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह यानी फिलेटली के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से ‘दीन दयाल स्पर्श योजना 2026-27’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को हर महीने ₹500 यानी सालाना ₹6,000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना के लिए विद्यार्थियों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में फिलेटली क्विज आयोजित होगी, जो 4 अक्टूबर 2026 को संभावित है। इसके बाद फिलेटली प्रोजेक्ट के आधार पर चयन किया जाएगा। आवेदन के लिए विद्यार्थी का भारत के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 6 से 9 में अध्ययनरत होना जरूरी है। स्कूल में फिलेटली क्लब होने पर विद्यार्थी का उसका सदस्य होना आवश्यक है।
लक्ष्मी हॉस्पिटल में शुरू हुई डायलिसिस सुविधा, किडनी रोगियों को मिलेगी राहत
फिरोजाबाद। किडनी रोगियों के लिए राहत की खबर है। अब डायलिसिस के लिए मरीजों और उनके परिजनों को बार-बार आगरा या दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। शहर के नगला बरी चौराहे स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में डायलिसिस की सुविधा शुरू कर दी गई है। सदर विधायक मनीष असीजा ने फीता काटकर डायलिसिस मशीन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लक्ष्मी हॉस्पिटल में डायलिसिस की सुविधा शुरू होने से किडनी रोगियों को उपचार के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी किडनी विशेषज्ञ डॉ. रोहित गिरी मरीजों का उपचार करेंगे। उन्होंने इसे जनपद के लिए गौरव की बात बताया। विधायक ने कहा कि लक्ष्मी हॉस्पिटल आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध है। इसके तहत पात्र मरीजों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। हॉस्पिटल के डायरेक्टर रोहित सिकरवार ने कहा कि मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समय पर उपचार उपलब्ध कराना हॉस्पिटल की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से डायलिसिस की सुविधा शुरू की गई है।
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर होगा विराट कुश्ती दंगल
फिरोजाबाद। स्व. मानसिंह सिंह राठौर उर्फ बैंचा पहलवान की पुण्य स्मृति में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन 27 अगस्त को ग्राम टापा खुर्द, कोटला रोड पर किया जाएगा। दंगल में पहलवान अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। मोहित राठौर और मेघ सिंह पहलवान ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अगस्त को शाम तीन बजे से विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल में क्षेत्र के नामी पहलवानों के साथ कई चर्चित पहलवान भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि स्व. बैंचा पहलवान की स्मृति में आयोजित यह दंगल कुश्ती की परंपरा और खेल भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह है। वार्ता के दौरान सचिन राठौर, गेंदालाल राठौर, पंकज राठौर, राहुल राठौर, रंजीत राठौर, हिमांशु राठौर आदि मौजूद रहे।
Jansaamna