Friday, November 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » हिंदू आध्यात्मिक मेले में तुलसी वंदन कार्यक्रम, 550 लोगों ने लिया भाग

हिंदू आध्यात्मिक मेले में तुलसी वंदन कार्यक्रम, 550 लोगों ने लिया भाग

♦ 450 बच्चों और 100 परिवारों की सहभागिता से दिया गया प्रकृति संरक्षण का संदेश
कानपुर: जन सामना संवाददाता। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में तुलसी वंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 550 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिनमें 450 बच्चे और 100 परिवार शामिल रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गोपाल आर्य ने अपने संबोधन में तुलसी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं औषधीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तुलसी भारतीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। प्रकृति का संरक्षण केवल हमारी परंपरा ही नहीं, बल्कि नैतिक दायित्व भी है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर योगदान देना चाहिए।
इस आयोजन में शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, पंडित दीनदयाल विद्यालय, जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर एवं जय नारायण विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
तुलसी वंदन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और परिवारों को भारतीय संस्कारों, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सोमकांत, अतुल कोठारी, पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र दास जी महाराज एवं बृज मोहन की गरिमामयी उपस्थिति रही।