हाथरस। महाशिवरात्रि महाशिवरात्रि के अवसर पर हाथरस जनपद के वीलेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं ने सुबह से ही मंदिर में कतार लगाई। रात्रि के समय, सभी शिवालयों को विद्युत रोशनी से सजाया गया और मंदिर चहुंओर शिवमय वातावरण से गूंज उठा।
मंदिरों में गंगाजल, विल्वपत्र, फल, फूल, भांग, धतूरा, दूध आदि से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इस अवसर पर नवविवाहिताओं ने और प्रथम पुत्र प्राप्ति पर श्रद्धा भाव से गाजे-बाजे और मंगल गीतों के साथ भगवान शिव पर जेअर चढ़ाए। साथ ही, कांवड़ियों और भक्तों ने “हर-हर महादेव” और “बम बम भोले” के उद्घोष के साथ जलाभिषेक किया।
सुबह चार बजे से ही भोलेनाथ के दर्शन करने और जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ मंदिरों में जमा होने लगी। कुछ भक्तों की टोली ढोल-नगाड़ों की धुनों पर झूमती नजर आई। हर दिशा में बम बम भोले का उद्घोष गूंज रहा था और मंदिर का वातावरण पूरी तरह से शिवमय हो गया।
इसी क्रम में गांव रूदायन, गोपालपुर, सठिया, और आसपास के क्षेत्रों में भी शिवजी के जलाभिषेक की प्रक्रिया धूमधाम से सम्पन्न हुई। रूदायन गांव में श्री हनुमान जी पक्का मंदिर, बूढ़े महादेव मंदिर और श्री रामचैक मंदिर में प्रसाद वितरण किया गया। वहीं गांव गोपालपुर भूतपुरा में कावड़ यात्रा भी निकाली गई और शिवालयों में जलाभिषेक किया गया।
सासनी में भी महाशिवरात्रि के दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। पूरे क्षेत्र में बम-बम भोले के जयकारे सुनाई दे रहे थे और भक्तों की भीड़ ने शिवालयों को शांति और समृद्धि की कामना करते हुए जलाभिषेक किया।
पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह, कस्बा इंचार्ज यतेन्द्र सिंह, महिला एसआई प्राची शर्मा, एसआई युगल किशोर पाठक और अन्य पुलिस कर्मी कांबडियों की सुरक्षा में तैनात थे।
इस विशेष दिन पर सभी शिवालयों में जलाभिषेक, पूजन, और प्रसाद वितरण के साथ महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।