फिरोजाबाद। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सरोजिनी नायडू जूनियर हाईस्कूल बोधाश्रम में बालिका दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कामिनी शंखवार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि प्रतिज्ञा राठौर द्वितीय और सोनाली शंखवार तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम की आयोजिका भाजपा नेत्री आकृति सहयोगी ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका त्याग, सेवा और नेतृत्व नारी समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बालिकाओं से आह्वान किया कि वे अहिल्याबाई के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। मुख्य अतिथि, नारी सशक्तिकरण संस्था की अध्यक्ष डॉ. दुर्गेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त करने का मार्ग प्रशस्त किया और आज की नारी को उनके जीवन से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवान दास शंखवार ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक रूप से हमें मजबूत बनाते हैं बल्कि मानसिक विकास में भी सहायक होते हैं। उन्होंने बालिकाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। दौड़ प्रतियोगिता की विजेता बालिकाओं को मुख्य अतिथि और आयोजकों द्वारा स्मृति चिह्न और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अनुराग सहयोगी, सोनी, नीतू शंखवार, ममता कश्यप, किरण कश्यप, प्रिया शर्मा, कीर्ति शंखवार, सुहानी चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Home » मुख्य समाचार » दौड़ प्रतियोगिता में कामिनी रही प्रथम, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर हुआ आयोजन