मथुरा। ब्रजवासियों ने एक नई पहल के तहत श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर निर्माण के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को अपना समर्थन प्रकट किया है। नव सृजन ब्रज मंडल (रजि.) संस्था की महिलाओं ने जिलाधिकारी को ईंट भेंट कर कॉरिडोर के निर्माण का पुरजोर समर्थन किया। संस्था की महिलाओं ने बताया कि कॉरिडोर बनने से पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी और जनपद में रोजगार सृजन होगा। उन्होंने कहा कि परिवर्तन संसार का नियम है और बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए यह निर्माण आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि पुरानी परंपराओं का हवाला देकर गोस्वामी वर्ग द्वारा विरोध किया जा रहा है, लेकिन वृंदावन के समग्र विकास और रोजगार के लिए कॉरिडोर निर्माण अनिवार्य है। इस अवसर पर नव सृजन ब्रज मंडल की अध्यक्ष गंगारानी चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष प्रीति चतुर्वेदी, संरक्षक महेश चतुर्वेदी और अन्य सदस्य मौजूद थे।इसी क्रम में मिशन शक्ति समूह मथुरा की सभी महिलाओं ने भी जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को एक समर्थन पत्र सौंपा। पत्र में उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के समान वृंदावन में ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर का निर्माण बेहद आवश्यक है। भीड़भाड़ और सुरक्षा की चिंताओं के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है, कई बार हादसे भी हो चुके हैं। बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालु दर्शनों से वंचित रह जाते हैं। भीड़ के कारण स्थानीय व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं, और आपातकालीन सेवाओं में भी बाधाएं आ रही हैं। अंतिम संस्कार तक में दिक्कत हो रही है। ऐसे हालात में कॉरिडोर का निर्माण एक महत्त्वपूर्ण कदम होगा, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने की है, जिसके लिए मिशन शक्ति समूह की महिलाएं आभार व्यक्त करती हैं। पत्र में आगे कहा गया कि कॉरिडोर बनने से वृंदावन आने वाले करोड़ों भक्तों को अपने आराध्य ठाकुर श्री बांके बिहारी के दर्शन सुखद एवं सहज वातावरण में करने का अवसर मिलेगा। इससे वृंदावन का समग्र विकास होगा, स्थानीय कारोबार और घरेलू उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। अयोध्या और बनारस की तरह यहां भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे मथुरा, गोवर्धन, नंदगांव, बरसाना, गोकुल, महावन और बलदेव जैसे तीर्थ स्थलों पर भी स्थानीय व्यवसाय में सुधार और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
Home » मुख्य समाचार » मिशन शक्ति समूह मथुरा द्वारा जिलाधिकारी को कॉरिडोर निर्माण के समर्थन में पत्र दिया गया
Jansaamna