Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बिहारीजी कॉरिडोर के समर्थन में आई मथुरा की इंडियन मेडिकल एसोसिएशन

बिहारीजी कॉरिडोर के समर्थन में आई मथुरा की इंडियन मेडिकल एसोसिएशन

मथुरा। वृंदावन में प्रस्तावित बिहारीजी कॉरिडोर को लेकर मथुरा की इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने भी अपना समर्थन जताया है। एसोसिएशन ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि यह कदम श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों दोनों के लिए राहत लेकर आएगा। मथुरा मेडिकल एसोसिएशन की ओर से उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि ब्रज दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलनी चाहिए, न कि कठिनाइयों का सामना। वर्तमान में वृंदावन में अत्यधिक भीड़भाड़ के कारण न सिर्फ श्रद्धालु, बल्कि स्थानीय निवासी भी परेशान हैं। ऐसे में कॉरिडोर जैसी योजना समय की मांग है और अत्यंत सराहनीय है। होटल ब्रजवासी लैंड्स इन में डॉक्टर्स डे पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित चिकित्सकों ने करतल ध्वनि के साथ कॉरिडोर के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. बिजेंद्र तिवारी, सचिव डॉ. गौरव भारद्वाज सहित डॉ. वीसी गोयल, डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ. शोभित, डॉ. अमित गोयल, डॉ. ललित वार्ष्णेय, डॉ. एसके वर्मन, डॉ. एनसी प्रजापति, डॉ. बीबी गर्ग, डॉ. वर्षा तिवारी, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. डीपी गोयल, डॉ. अनु गोयल, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. भावना गुप्ता, डॉ. विपिन गोयल सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे। इस अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि यह कॉरिडोर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे किसी भी स्थानीय या सेवायत वर्ग के हितों को नुकसान नहीं होगा। तय मुआवजा और पुनर्वास योजनाओं के तहत फ्लैट जैसी आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मंदिर ट्रस्ट के सेवायतों के अधिकार, सेवा-पद्धति और परंपराएं यथावत रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ब्रज क्षेत्र की गरिमा और पहचान को नया आयाम मिलेगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद श्रद्धालु और पर्यटक दोनों ही अपने अनुभवों से संतुष्ट होंगे और ब्रज की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी।