लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह से आज 2022 बैच के 7 और 2023 बैच के 38, कुल 45 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों का प्रशासनिक परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्य सचिव ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है, जिसमें दूसरों के लिए सोचने और कार्य करने का अवसर मिलता है। यह सेवा चुनौतियों से भरी होती है, लेकिन इसके अनुभव जीवन को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को आत्म-मूल्यांकन करने और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की सलाह दी। मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जनता से सतत संवाद बनाए रखने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने और नवीनतम तकनीकों से स्वयं को अपडेट रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “प्रतिदिन कम से कम एक या दो लोगों की समस्याओं का जड़ से समाधान करने का प्रयास करें, इससे सेवा का असली उद्देश्य सिद्ध होगा।” उन्होंने विशेष रूप से राजस्व प्रशासन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जमीन से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए पढ़ने और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी अपने क्षेत्र में उद्यम, निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित करें। मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां सीडी रेशियो को मण्डलायुक्तों और जिलाधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 65 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, इसलिए कृषि तकनीकों में नवाचार लाकर उत्पादन और आय में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने शहरीकरण को राज्य की प्रगति का अगला चरण बताया और अधिकारियों से आग्रह किया कि वे योजनाबद्ध ढंग से शहरी क्षेत्रों के विकास पर ध्यान दें। महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में “टेक होम राशन (टीएचआर)” कार्यक्रम की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा ही विकसित भारत की नींव हैं। अधिकारियों को इन विषयों पर विशेष रूप से काम करना चाहिए। इस अवसर पर महानिदेशक उपाम एल. वेंकटेश्वर लू, प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रत्येक प्रशिक्षु अधिकारी ने अपना संक्षिप्त परिचय दिया और फील्ड ट्रेनिंग के अनुभव साझा किए।
Jansaamna