डीएम ने किया एल-टू कोविड अस्पताल का निरीक्षण
JAN SAAMNA DESK 2
12th September 2020
हाथरस, नीरज चक्रपाणि। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में एल-2 फैसिलिटी एम.डी.टी.वी. चिकित्सालय में आज जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी।जिलाधिकारी ने पूर्व बैठक में निर्देश दिए कि जनपद के ज्यादातर ब्लॉक में शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष आर.टी.पी.सी.आर. सैम्पल नहीं लिए जा रहे हैं। इसमें कोई सुधार नहीं हुआ है। जो कि बेहद आपत्तिजनक है। उन्होने निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप सैम्पल लेने हेतु समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया जाए, इसके पश्चात भी उनके द्वारा इसमें कोई लापरवाही बरती जाती है तो कारण बताओ नोटिस निर्गत करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाए। सासनी ब्लाक में सैम्पल लेने में बहुत लापरवाही बरती जा रही है जहां से अधिकतर रिपीट सैम्पल की शिकायत प्राप्त हो रही है। उन्हें निर्देशित किया गया कि वहां पर पूर्ण प्रशिक्षित लैब टैक्निशियन की तैनाती की जाए जिससे कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत प्राप्त न हो। एल-2 चिकित्सालय के लिए 61 लाख रूपए की कीमत का सामान खरीदा जा रहा है उसकी सूची कितने का सामान है तथा कितनी संख्या में खरीदा गया है उसका एक पत्र शासन को भी उपलब्ध कराया जाए।जनपद में शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार सैम्पल के लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा रहा है निर्देशित किया गया कि मानक के अनुसार सैम्पल के लक्ष्य को प्राप्त किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए अन्यथा की स्थिति में संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जिला सर्विलांस अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद में प्रत्येक दिन 450 आर.टी.पी.सी.आर. सैम्पल के लक्ष्य को प्राप्त किया जाए ऐसा न करने पर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में केवल लक्षणयुक्त मरीजों को ही भर्ती किया जाए। लक्षणहीन मरीजों को भर्ती न किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि उनके चिकित्सालय से किसी मरीज को हायर सेन्टर के लिए रेफर किया जाता है तो वहां पर मरीज को भर्ती नहीं किया जाता है। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी अथवा जिला सर्विलांस अधिकारी इस संबंध में पत्र लिखते हुए अवगत कराएं।
तहसील दिवस पुनः से आयोजित होने वाला है,आने वाले मंगलवार को तहसील सादाबाद में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करते हुए आवश्यक सामान जैसे थर्मामीटर, पल्सआक्सीमीटर, सेनेटाइजर इत्यादि भी उपलब्ध कराते हुए स्क्रीनिंग कराई जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि वर्तमान में ब्लाक पर वी.टी.एम. की कमी है तत्काल वी.टी.एम. की सप्लाई सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित मानक के अनुसार आर.टी.पी.सी.आर सैम्पल लेने की कार्यवाही की जाएगी। निर्देशित किया गया कि प्रत्येक जांच केन्द्र पर वी.टी.एम. की उपलब्धता सुनिश्चत कराते हुए निर्धारित लक्ष्य को प्रतिदिन प्राप्त किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.बी. भास्कर, अपर जिलाधिकारी जे.पी. सिंह, जिला सर्विलांस अधिकारी समस्त अपर उप मुख्य चिकित्साधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।