हाथरस, नीरज चक्रपाणि। अब धीरे-धीरे कोरोना वायरस आम जनमानस का हिस्सा बनता जा रहा है। कोरोना संक्रमण के लिहाज से अक्टूबर का महीना अब तक काफी सुकून भरा रहा है। जिला कोरोना कंट्रोल के मामले में प्रथम तीन में शामिल है। जिले में इसी तरह कोरोना नियंत्रण में रहे इसके लिए जरुरी है कि जनता इस त्यौहरी सीजन में सोच समझकर बाहर निकले। इस दौरान सभी को मास्क पहनने, दो गज की दूरी और हाथ धोने पर विशेष ध्यान देना है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश राठौर का कहना है कि त्यौहारी सीजन में सतर्कता की जरूरत है। त्यौहारों का समय चल रहा है, दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली पर बाजारों में काफी रौनक रहती है, लेकिन इस बार हमें इन आने वाले त्यौहारों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सीएमओ ने कहा कि इस त्यौहारी सीजन में लोगों को सार्वजनिक स्थान, भीड़-भाड़ वाली जगह में जाने से बचना चाहिए। इसी तरह हर आधे घंटे में सैनेटाइजर या साबुन से हाथों की अच्छी तरह से सफाई करनी चाहिए। जिससे वायरस का फैलाव न हो। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद कोरोना कंट्रोल के मामले में प्रथम तीन में शामिल है। हम सबको मिलकर कोरोना से लड़ना है। मुंह पर मास्क का अवश्य प्रयोग करें। उसके साथ-साथ आंखों को ढक कर रखें, किसी से हाथ न मिलाएं, किसी के नजदीक न जाएँ, आंखों, नाक और मुंह को बार-बार न छुएं, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें, प्रभावित क्षेत्र में न जाएं, अफवाह अथवा भय न फैलाएं। इसी तरह लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मास्क का उपयोग करना चाहिए। साथ ही कहा कि इस बार हमें घर की बनी मिठाइयों का प्रयोग करना चाहिए।
Jansaamna