Saturday, June 7, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्लास्टिक के सामानों व कारोबार को रोकने की मांग

प्लास्टिक के सामानों व कारोबार को रोकने की मांग

हाथरस, नीरज चक्रपाणि। आमजन के स्वास्थय हितों के लिये नुकसानदायक एवँ नगर की सफाई व्यवस्था में परेशानी बन रही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर भारतीय जनता पार्टी सभासद दल के प्रतिनिधि मंडल ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा को ज्ञापन सौंपा। सभासद दल ने शासन के निर्देश के बाद भी बाजारों में हो रही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक से निर्मित सामानों की बिक्री एवँ अवैध प्लास्टिक कारोबार को रोकने की मांग की है।  प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि आम लोगों के स्वास्थय हितों के दृष्टिगत शासन के निर्देश के बाद प्रदेश में सिंगल यूज प्लस्टिक को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। शासन के निर्देश के बाद भी शहर सहित जनपद में प्लास्टिक की थैली, प्लास्टिक से निर्मित ग्लास, दोना-पत्तल एवं अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक समान की खुलेआम बिक्री की जा रही है।
प्रदेश में पूर्णरूप से प्रतिबंधित हो चुकी प्लास्टिक जनपद में अवैध रूप से आ रही है। प्लास्टिक माफिया न सिर्फ आमजनों के स्वास्थय से खिलवाड़ कर रहे हैं बल्कि अवैध रूप से संचालित कारोबार के द्वारा सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान कर रहे हैं। आमजन के स्वास्थय से खिलवाड़ कर रहे प्लास्टिक माफियाओं के रसूख के आगे प्लास्टिक को रोकने में स्थानीय प्रशासन असहाय होता जा रहा है।
प्रतिबंधित प्लास्टिक चूँकि अगलनशील है, जिस कारण शहर की नालियों एवँ सीवर में अवरोध पैदा करती है। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जगह जगह जलभराव एवँ गंदगी जैसी समस्याओं को बढ़ावा मिलता है। जिससे आम लोगों के स्वास्थय से संबंधित परेशानियां उत्पन्न होती हैं। सभासदों ने प्रदेश सरकार के आदेशों का जनपद में पालन कराते हुये विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित प्रतिबंधित प्लास्टिक के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के समानों की बाजरों में हो रही बिक्री को पूर्ण रूप से रोका जाये। ज्ञापन देने वालों में सभासद प्रमोद शर्मा, नारायण लाल, प्रदीप शर्मा, निशान्त उपाध्याय, वीरेंद्र माहौर, भगवान वर्मा, राजेन्द्र गोयल, सभासद प्रतिनिधि हिमांशु मिश्र आदि थे।