Monday, June 15, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ऐतिहासिक तालाब में निर्माण कार्य शुरू,पूजन

ऐतिहासिक तालाब में निर्माण कार्य शुरू,पूजन

हाथरस,जन सामना। नगर की ऐतिहासिक धरोहर तालाब के सौन्दर्यीकरण की उम्मीद नगर वासी पिछले 50 वर्षों से लगाये बैठे थे। आज उस पर विधिवत पिलर खडे करने का कार्य शुरू हो गया। कार्य का शुभारम्भ पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा व अधिशासी अधिकारी डा. विवेकानन्द द्वारा विधिवत पूजा अर्चना के साथ किया गया। पालिका अध्यक्ष द्वारा इस अवसर पर बताया गया कि तालाब जो कि इस नगर की ऐतिहासिक धरोहर है, विगत कई वर्षों से जलभराव का एक केन्द्र बन गया था तथा नगर पालिका परिषद के इस बोर्ड द्वारा शपथ ग्रहण के पश्चात ही पूरे दृढ निश्चय से इसके सौन्दर्यीकरण हेतु कार्य करना शुरू कर दिया। 5 अगस्त 2020 को इस कार्य का शिलान्यास कराया गया, तालाब को खाली करने में काफी समय लग गया, उसके पश्चात मैटेरियल आदि के परीक्षण की कार्यवाही पूर्ण कराये जाने के पश्चात तालाब पर निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मेरे द्वारा सम्बंधित फर्म को निर्देश दिये गये हैं कि वह दिन रात कार्य कराये तथा शीघ्र ही इस नगर को एक खूबसूरत तालाब व रमणीक स्थान प्राप्त हो सके। इस अवसर पर सहायक अभियन्ता डम्बर सिंह, अवर अभियन्ता महेशचंद्र शर्मा, सुनील पाठक व फर्म ट्रेडिंग इंजीनियर्स के इंजीनियर व अधिकारी उपस्थित थे।