फिरोजाबाद। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर महानगर भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा शहीद स्मारक व उनके परिवारीजनों के आवास पर जाकर परिवारीजनों को सम्मानित किया गया। महानगर व मंडल के कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले शहीद कैप्टन देवेश कुलश्रेष्ठ की प्रतिमा की सफाई व माल्यार्पण किया। इसके बाद अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई व माल्यार्पण किया गया। भारतीय सेना के सेवानिवृत्त नायक देवेंद्र कुमार पाठक निवासी हिमायूंपुर, श्रीधर प्रसाद निवासी लेबर कॉलोनी व अन्य जवानों का सम्मान किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अंकित तिवारी ने कहा बड़ा ही गर्व का क्षण है कि आज हमारे नेतृत्व में हम सबको भारतीय सेना के जवानों के प्रति सम्मान करने के लिए कहा गया। साथ ही कहा कि आज हम सब अपने घरों पर चैन की नींद सो रहे हैं। उसके लिए हमारे देश की सेना के जवान अपने परिवार अपने जीवन के अनमोल लम्हों को छोड़कर बॉर्डर पर अपना समस्त जीवन न्योछावर कर देश की सेवा करते हैं। इसके लिए हम उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता है। इस दौरान दीपक गुप्ता, सूरज पाल बघेल, अजय यादव, विकास दिवाकर, सुमित तोमर, ध्रुव शंकर, नवीन, सुभाष आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।