हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित हतीसा बाईपास पुल पर बीती देर रात्रि को आयकर विभाग के अफसरों की कार को एक अज्ञात ट्रक रौंद कर भाग गया और हादसे में दो आयकर अफसरों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अलीगढ़ मेडिकल में भर्ती कराया गया है। आयकर अधिकारियों की मौत की खबर से आयकर विभाग में भारी शोक की लहर दौड़ गई है। जबकि अधिकारियों के परिजनों में भी भारी कोहराम मच गया है। बताया जाता है थाना हाथरस गेट क्षेत्र के हतीसा बाईपास पुल पर बीती रात्रि को आगरा से लौट रहे अलीगढ़ के आयकर अधिकारियों की कार आई टेन में सवार होकर उक्त लोग अलीगढ़ लौट रहे थे और लौटते वक्त हतीसा पुल पर एक अज्ञात ट्रक द्वारा उनकी कार में जोरदार तरीके से टक्कर मार देने से कार के जहां परखच्चे उड़ गए, वहीं कार में सवार आयकर अधिकारियों में से दो अधिकारियों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जाता है जनपद अलीगढ़ के मैरिस रोड स्थित आयकर विभाग कार्यालय में तैनात दो आयकर अधिकारियों 43 वर्षीय चंद्रभान सिंह पुत्र विजय पाल सिंह निवासी मंगल बिहार कलोनी थाना बन्नादेवी अलीगढ़ एवं करीब 43 वर्षीय इन्कम टैक्स इंसपैक्टर अमरजीत सिंह निवासी बिहार तथा आयकर विभाग के बाबू प्रकाशचन्द कटियार निवासी आयकर भवन मैरिस रोड अलीगढ़ आगरा में एडिशनल कमिश्नर आयकर वसीम अरसद से मिलने गए थे। जहां से मिलने के बाद उक्त लोग अपनी आई टेन कार द्वारा लौट रहे थे और लौटते वक्त उनकी कार को हतीसा पुल पर अज्ञात ट्रक द्वारा रौंद दिए जाने से उक्त तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए तथा घटना की सूचना पाकर मौके पर थाना हाथरस गेट पुलिस पहुंच गई और पुलिस द्वारा तीनों को तत्काल उपचार हेतु बागला जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने आयकर अधिकारी चंद्रभान सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमरजीत एवं प्रकाश कटियार को उपचार हेतु अलीगढ़ मेडिकल रैफर किया गया और प्रकाश कटियार की रास्ते में ही मौत हो गई। थाना हाथरस गेट पुलिस द्वारा दोनों आयकर अधिकारियों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है। जबकि घायल को उपचार हेतु अलीगढ़ मेडिकल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा अज्ञात ट्रक के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया गया है।
Jansaamna