Wednesday, May 21, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » संदिग्ध हालत में युवक को पेट में लगी गोली,रेफर

संदिग्ध हालत में युवक को पेट में लगी गोली,रेफर

फिरोजाबाद। गांव दौलतपुर निवासी युवक को संदिग्ध हालत में पेट में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गया। परिजन युवक को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहॉ युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला आनंद नगर ककरुऊ कोठी निवासी कौशल किशोर (22) मूलरुप से नारखी के गांव दौलतपुर का रहने वाला है। दौलतपुर और आनंद नगर में उसके खुद के मकान है। बृहस्पतिवार रात वह दौलतपुर गांव में था। तभी देर रात उसे गोली लग गई। गोली उसके पेट में लगी और वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा। युवक को गोली लगने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन युवक को उपचार के लिए देर रात सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां उसकी हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर नारखी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने युवक से घटना के बारे में जानकारी की। सूचना पर सीओ टूंडला हरिमोहन सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे। थानाध्यक्ष नारखी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया का कहना है कि गोली युवक के पेट में लगी है। मामले की जांच की जा रही है। यदि तहरीर आती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टिया मामला संदिग्ध है। युवक एक मुकदमें में जेल भी जा चुका है।